नगर के बरेली बाइपास रोड स्थित निजी अस्पताल में प्रसव के लिए आई महिला ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया। बच्ची के चार पैर, चार हाथ और दो सिर थे। प्रसव से पूर्व बच्ची की पेट में ही मौत हो चुकी थी।
किशोर अस्पताल की संचालिका डा. मृदुला किशोर ने बताया कि रविवार सुबह ग्राम नजीमाबाद की 20 वर्षीय महिला प्रसव के लिए उनके अस्पताल आई तो वह गंभीर हालत में थी। गर्भ में ही शिशु की मौत हो चुकी थी।
इसलिए महिला की गंभीर हालत देख उन्होंने तुरंत डाक्टरों की टीम बुलाई और कड़ी मशक्कत के बाद सामान्य प्रसव करवाया। बताया कि पैदा हुई बच्चियों के सिर तो दो थे, किंतु नाभि एक थी और पेट जुड़े हुए थे, दिल भी एक ही था।
डा. राहुल गंगवार ने बताया डेढ़ लाख बच्चों में एक बच्चा ऐसा पैदा होता है। ऐसे बच्चे का बचना नामुमकिन होता है। डा. मृदुला किशोर ने बताया गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर अपनी जांच करवानी चाहिए, ताकि ऐसे हालात में डॉक्टर को मरीज की पूरी हकीकत पता हो। इस दौरान डा. राहुल किशोर, डा. दर्शन सिंह, सीमा आदि थी।