काशीपुर। जसपुर खुर्द वार्ड नंबर 3 आनंदम कॉलोनी के क्षेत्रवासियों ने निगम प्रशासन को मांग पत्र सौंपकर लगभग छह महीने पहले क्षेत्र की सड़क व नाली का टेंडर होने के बावजूद निर्माण होने पर रोष जताया था। संबंधित समाचार को अमर उजाला के 27 दिसंबर के अंक में सड़क-नाली निर्माण की मांग शीर्षक से प्रकाशित किया गया था। निगम प्रशासन ने संज्ञान में लेते हुए सड़क व नाली का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
आनंदम सोसायटी वार्ड नंबर-3 निवासी एडवोकेट हरदीप शर्मा ने क्षेत्रवासियों के साथ मेयर दीपक बाली व नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को बीती 26 दिसंबर को मांग पत्र सौंपा था। इसमें कहा था कि ठेकेदारों की लापरवाही और मनमानी के चलते नगर निगम की कार्य प्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
अब ठेकेदार ने पहले चरण में क्षेत्र की सड़क पर मिट्टी भरान का कार्य शुरू करवाया है और नाली का निर्माण का शुरू हो गया है। इस पर क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और निगम प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर खुशी जाहिर की। वहीं मेयर ने क्षेत्रवासियों से फोन पर संपर्क कर निर्माण कार्य की जानकारी ली है।