काशीपुर। इस्राइल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच काशीपुर निवासी नौकरीपेशा एक युवक ईरान में फंस गया है। नगर निवासी व्यवसायी का बेटा दुबई में मर्चेंट नेवी में सेकंड अफसर के पद पर कार्यरत है। युद्ध के बीच फंसे बेटे से बीते चार दिन से बात नहीं हो पाने के कारण परिजन चिंता में हैं।
बाजपुर रोड स्थित श्यामपुरम कॉलोनी निवासी एवं चैती चौराहा के पास समीर गारमेंट्स के स्वामी विनोद कुमार सैनी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अर्पित सैनी (23) दुबई में मर्चेंट नेवी में सेकंड अफसर के पद पर कार्यरत है। उन्होंने बताया करीब साढ़े आठ महीने पहले उनके बेटे की नौकरी दुबई में लगी थी तब से वह वहीं रह रहा है। विनोद ने बताया मर्चेंट नेवी में होने के कारण उनका बेटी अर्पित समय-समय पर जहाज के साथ ईरान आता-जाता रहता है। सैनी ने बताया कि युद्ध छिड़ने के कुछ दिन पहले उनका बेटा दुबई से ईरान गया था। इसी बीच इस्राइल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध छिड़ गया जिसके चलते वह ईरान में ही फंस गया।
पिता ने बताया कि बीते शुक्रवार की सुबह से रविवार तक समय-समय पर बेटे से बात हो रही थी। उन्होंने बताया कि बीते सोमवार से उनकी बेटे ने बात नहीं हो पा रही है जिसके चलते उसकी चिंता सता रही है। उन्होंने बताया कि जब बीते दिनों बात हुई थी तब उसने बताया था कि वह ईरान में सुरक्षित स्थान पर हैं किसी प्रकार की चिंता नहीं करें। पिता ने बताया कि तीन दिन से कोई संपर्क नहीं होने के कारण अब उन्हें चिंता सता रही है कि बेटे वहां किन परिस्थितियों में होगा। पूरा परिवार बेटे के फोन का इंतजार कर रहा है।
उधर एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि पिता की ओर से प्रार्थनापत्र मिला था। मुख्यालय से जानकारी मांगी गई थी जिसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को अर्पित सैनी के संबंध में जानकारी उपलब्ध करा दी है।