बाजपुर। बन्नाखेड़ा सहित क्षेत्र के विभिन्न क्रय केंद्रों पर धान की तौल नहीं होने से नाराज किसानों ने हंगामा कर एसएमओ का घेराव किया। किसानों ने शनिवार को धान से भरी ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी कर जाम लगाने की चेतावनी दी।
विज्ञापन
भाकियू कुमाऊं मंडल अध्यक्ष विक्की रंधावा के नेतृत्व में किसान मंडी स्थित एसएमओ कार्यालय पहुंचे और एसएमओ नलनीकांत का घेराव कर धान तौल तत्काल शुरू कराने की मांग की। एसएमओ नलनी कांत ने बताया कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। व्यवस्था बनाकर धान तौल कराया जाएगा। वहां सलवंत सिंह, सुरेंद्र सिंह, गुरबचन सिंह, गुरचरण सिंह, सुरजीत सिंह, सतपाल सिंह, बलवंत सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
इधर, नोडल अधिकारी नितेश हर्बोला ने बताया कि क्षेत्र के 16 धान खरीद केंद्रोें की पोर्टल लिमिट समाप्त हो चुकी है। 15 केंद्रों को चार-चार हजार क्विंटल की पोर्टल लिमिट मिली थी जबकि एक केंद्र को 3500 क्विंटल की लिमिट थी। इन 16 केंद्रों पर लगभग 63 हजार क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। संवाद