सरकार की ओर से आवंटित भूमि पर मालिकाना हक नहीं मिलने से खफा एस्कार्ट फार्म के आधा दर्जन गांवों के लोग आरपार की लड़ाई के मूड में हैं। उन्होंने सरकार की उपेक्षा के विरोध में घरों में काले झंडे लगाए और काले झंडों के साथ प्रदर्शन भी किया। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को ग्राम खरमासा, पच्चावाला, रामनगर काशीपुर, दोहरी वकील के पुनर्वासित किसानों ने आवंटित भूमि पर मालिकाना हक नहीं देने के विरोध में अपने घरों में काले झंडे फहराए। ग्रामीणों ने ग्राम दोहरी वकील में काले झंडों के साथ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि अगर उनका हक नहीं मिला तो चुनाव में वोट नहीं डालेंगे।
पूर्व प्रधान परमजीत सिंह उर्फ पम्मी ने कहा कि पहले तो सरकार ने किसानों की जमीन छीनी। इसके बदले जो जमीन आवंटित की गई, उसमें भी धोखा किया गया। कहा कि जन प्रतिनिधि हो या मंत्री सभी उनको मात्र वोट बैंक समझता है। उनकी यह गलतफहमी चुनाव में दूर हो जाएगी। रतन सिंह ने कहा कि सभी 231 पट्टाधारी किसान एकजुट हैं। जब तक उनको मालिकाना हक नहीं मिलेगा और संघर्ष जारी रहेगा। वहां साहब सिंह, टीकम सिंह छिनवाल, विक्रम सिंह, पूर्ण सिंह नेगी, रामप्रसाद, अमर सिंह, मूद्रिका प्रसाद आदि थे।