गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान को लेकर भड़के किसानों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि सालभर से प्रदेश सरकार किसानों के साथ टालमटोल करती आ रही है। लेकिन अब किसान करो या मरो की लड़ाई के तहत 11 जनवरी से आंदोलन शुरू करेंगे।
शनिवार को मंडी समिति सभागार में क्षेत्रभर के किसानों ने एकत्र होकर मीटिंग की। जिसमें बाजपुर चीनी मिल समेत प्रदेश भर की चीनी मिलों से गन्ना भुगतान करने को लेकर चर्चा की गई। भाकियू प्रदेशाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा ने कहा कि गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर दर्जामंत्री हरमिंदर सिंह लाडी से बातचीत की है। लाडी ने कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की अगुवाई में सीएम के समक्ष मामला रखकर हल कराने का भरोसा दिया है। लेकिन यह बात सुनकर किसान भड़क उठे। मीटिंग के बीच में किसान सेवक अजीत प्रताप रंधावा, विजेंद्र डोगरा ने कहा कि 11 जनवरी से गन्ना भुगतान को लेकर आर पार की लड़ाई के तहत आंदोलन शुरू किया जायेगा। जिस पर किसानों ने एक स्वर में सहमति जताई। किसानों ने कहा कि इस वर्ष किये जा रहे गन्ना आपूर्ति का भुगतान भी चीनी मिल नहीं कर रही है। वहां पर केके शर्मा, तेजपाल सिंह, अमोलक कांबोज, हरेंद्र सिंह हुड्डा, नवतेज सिंह, त्रिलोचन सिंह, बलविंदर सिंह, सुखदेव सिंह, विक्रम, सुनील डोगरा, जसतीरथ, अमरनाथ शर्मा, मो. जान, लखविंदर सिंह, दलीप सिंह, हंसराज आदि थे।