पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उन्हें पद से हटाने के पीछे हो सकता है कि केंद्रीय नेतृत्व कोई बड़ी जिम्मेदारी दे दे। कुंभ कोरोना जांच घोटाला मामले में कहा कि मुख्यमंत्री ने एसआईटी गठित की है। जांच में सब कुछ सामने आ जाएगा।
बुधवार को हल्द्वानी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विपक्ष ने कैसे मान लिया कि कुंभ में कोरोना जांच में फर्जीवाड़ा हुआ है। एसआईटी जांच कर रही है। जांच के परिणाम सामने आने दीजिए। सब कुछ साफ हो जाएगा।
इससे पूर्व भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने कश्मीर से धारा 370 और 35 ए को हटाकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक देश, एक विधान और एक निशान के सपने को साकार किया है।
उन्होंनेकुसुमखेड़ा में एक बरातघर में आयोजित रक्तदान शिविर में शिरकत कर रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाया। कहा कि मिशन रक्तदान मुहिम के तहत डेढ़ महीने में कई सौ यूनिट खून ब्लड बैंकों को दिया जा चुका है।
इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री राजेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तौलिया, प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, पूर्व प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट, उमेश शर्मा, कुमाऊं सह मीडिया प्रभारी रवि कुरिया, दायित्वधारी सायरा बानो, रेनू अधिकारी आदि मौजूद थे। इससे पहले हल्द्वानी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लामाचौड़ और कमलुवागांजा चौराहे पर उनका स्वागत किया।