काशीपुर। शासन और स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के चलते सरकारी अस्पताल में आठ माह बाद भी रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं हो सकी है। इस दौरान मरीज निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में महंगा अल्ट्रासाउंड कराने को मजबूर हैं।
विज्ञापन
एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में 31 अक्तूबर 2024 को रेडियोलॉजिस्ट डॉ. खेमपाल सीएमएस के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उसी समय से यह पद खाली चल रहा है। इसके चलते अस्पताल में आने वाले सामान्य मरीज एवं गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। अस्पताल में चक्कर लगाने के बाद मरीज निजी डायग्नोस्टिक सेंटर एवं अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड करा रहे हैं। यह जांच अस्पताल से काफी महंगी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी गरीब मरीजों को हो रही है।
कोट:
काशीपुर सरकारी अस्पताल में रेडियोलोजिस्ट का पद रिक्त होने की जानकारी है। रिक्त पदों की सूची मुख्यालय भेजी जा रही है। रेडियोलॉजिस्ट अभी कोई मिले नहीं हैं। प्रयास लगातार जारी है। -डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर