काशीपुर। देवभूमि निकाय संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने अपनी समस्याओं का एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर निस्तारण की मांग की है।शनिवार को एसडीएम कार्यालय में दिए ज्ञापन में कहा कि नगर निगम में कार्यरत पर्यावरण मित्रों की संख्या लगभग 350 है जिसमें 150 लगभग नियमित कर्मचारी हैं। 62 मोहल्ला स्वच्छता समिति कर्मचारी हैं, लगभग 104 आउट सोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं। इसमें 20 पर्यावरण परिवेक्षक कार्यरत हैं। बताया कि एसीपी का लाभ नियमित कर्मचारियों को नहीं दिया जा रहा। प्रदेशाध्यक्ष द्वारा शासन में एक शिकायत पत्र दिया गया था। जिसपर 20 जून 2024 को अपर निदेशक ललित नारायण मिश्रा ने एक पत्र नगर निगमों को जारी किया, लेकिन उसके बाद भी नगर निगम के स्थायी कर्मचारियों को आज तक एसीपी का लाम नहीं दिया जा रहा है।
बताया कि नगर निगम में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को ग्रीष्मकालीन, ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत भीषण गर्मी के ताप से बचाने के लिए प्रदेशाध्यक्ष की ओर से शासन को पत्र भेजा गया था जिसके बाद शासन की ओर से आदेशित करने के बाद भी निकायों के अधिकारी अपने उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं और कर्मचारियों को उसका लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने समस्याओं का संज्ञान लेकर निस्तारण की मांग की है। वहां अध्यक्ष विनय चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष राम कुमार, महासचिव अजय कुमार, सुभाष पहलवान, मनोज पहलवान आदि रहे।