रुद्रपुर। आठ करोड़ से बन रहा आधुनिक बस टर्मिनल अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। परिसर में बस अड्डा तो तैयार है लेकिन रोडवेज के निकासी गेट पर अतिक्रमण ने बसों के संचालन में बाधा उत्पन्न कर दी है जिसके चलते न केवल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है बल्कि करोड़ों की सरकारी संपत्ति का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं हो पा रहा है।
बस टर्मिनल में वर्कशॉप और बस अड्डा दोनों का निर्माण पूरा हो चुका है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस टर्मिनल से बसों के सुचारू रूप से आवागमन की उम्मीद थी लेकिन किच्छा बाईपास रोड पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण ने निकासी द्वार को अवरुद्ध कर दिया है। विभाग का कहना है कि जब अतिक्रमण हटेगा तभी निकासी द्वार बनेगा।
अतिक्रमण हटाने में सिस्टम हुआ फेल
स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग अतिक्रमण की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। परिवहन निगम के बार-बार शिकायतें और अवगत कराने के बावजूद अतिक्रमण हटाने के प्रयासों में कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। ऐसा प्रतीत होता है कि सिस्टम अतिक्रमणकारियों के आगे घुटने टेक चुका है जो करोड़ों की सरकारी परियोजना को प्रभावित कर रहे हैं।
-
यात्रियों की बढ़ रही परेशानी
यात्रियों को सड़क किनारे से ही बसों का इंतजार करना पड़ता है। इससे न केवल अव्यवस्था फैल रही है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। नए बस अड्डे की सुविधाएं मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को निराशा हाथ लग रही है।
वर्जन:::
बस टर्मिनल के अंतर्गत बस अड्डा और वर्कशाॅप बनकर तैयार हो गए हैं। बस अड्डे से बसों का संचालन तब तक नहीं हो पाएगा जब तक निकासी द्वार नहीं बन जाता। किच्छा बाईपास रोड पर गेट के पास अतिक्रमण होने से निकासी द्वार नहीं बन पा रहा है। -मधुसुदन मिश्रा, एआरएम, परिवहन निगम।