गदरपुर। एक बरातघर के स्वामी ने लोनिवि की भूमि पर नाले पर मिट्टी डालकर अतिक्रमण कर लिया। इस जानकारी मिलने पर एसडीएम और तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने जेसीबी बुलाकर नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
बृहस्पतिवार को एसडीएम ऋचा सिंह और तहसीलदार लीना चंद्रा राजस्व टीम के साथ तहसील मुख्यालय की सीमा के पास बन रहे एक बरातघर के पास पहुंची। उन्होंने बरातघर के सामने लोनिवि की भूमि पर नाले पर मिट्टी डालकर किए गए अतिक्रमण का निरीक्षण किया। एक व्यक्ति ने चहारदीवारी के साथ चाय की टपरी भी डाली थी। अधिकारियों ने बरातघर के स्वामी और लोनिवि के अधिकारियों को मौके पर तलब किया। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को नापजोख करने के निर्देश दिए। नापजोख के बाद पाया गया कि करीब दस मीटर चौड़ी और 90 मीटर लंबी भू-पट्टी पर मिट्टी डालकर अतिक्रमण किया गया है।
अतिक्रमण से पानी निकासी करने वाला नाला भी हो गया था बंद
अधिकारियों ने बरातघर स्वामी को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और कहा कि अगर प्रशासन अतिक्रमण हटाएगा तो उसकी भरपाई भी उससे ही की जाएगी। एसडीएम ने मौके पर जेसीबी मशीन की मदद से खोदाई करवाई और अतिक्रमण को हटवाया। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को भी आड़े हाथ लेते हुए मार्ग के किनारे बड़ी भूमि का समय समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बरातघर के स्वामी को सरकारी भूमि को क्षतिग्रस्त करने का नोटिस देने की बात कहीं। कहा कि गदरपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान लोनिवि के एई मनोज कुमार, जेई प्रकाश भट्ट, क्षेत्रीय लेखपाल नरेंद्र कुमार, राजीव कुमार और नेकराम आदि मौजूद थे। संवाद