सुल्तानपुर पट्टी से बाजपुर की ओर करीब छह किमी दूर किनौरी-छोई मार्ग पर स्थित एक फार्म हाउस में मूल रूप से बदायूं के अलीनगर निवासी 40 वर्षीय राजू पुत्र खिमानी सिंह काम करता था। शुक्रवार रात फार्म हाउस में उसका शव लहूलुहान हालत में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी स्वप्न किशोर सिंह और कोतवाल नरेश चौहान भी फोर्स के साथ वहां पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के छोटे भाई मुन्ना ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात बड़े भाई खूबसिंह और राजू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद खूबसिंह घर से निकल गया जबकि कुछ देर बाद राजू खेत की रखवाली के लिए फार्म हाउस पर चला गया। भतीजी रूपा ने राजू को फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। अनहोनी की आशंका पर वह फार्म हाउस पहुंची तो राजू लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पलिस उसे अस्पताल ले गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
छोटे भाई राजू से ईर्ष्या रखता था आरोपी खूबसिंह
हत्याकांड में पुलिस जांच में बड़ा भाई खूबसिंह के अपने छोटे भाई राजू से ईर्ष्या रखने का मामला सामने आया है। पुलिस की जानकारी के अनुसार खूबसिंह की कोई संतान होना और अविवाहित भाई राजू को परिवार में ज्यादा सम्मान और लगाव मिलना जलन का कारण था। छोटे भाई मुन्ना के बच्चे भी राजू के समान सम्मान देते थे। परिवार और फार्म हाउस की जिम्मेदारी में भी उसे अधिक महत्व दिया जाता था। यही बात खूबसिंह को अंदर ही अंदर खलती थी।
40 साल पहले बदायूं से जमीन बेचकर आए थे भाई
छोटे भाई मुन्ना ने बताया कि उनके परिवार की पैतृक जमीन जिला बदायूं के अलीनगर में थी जिसे तीनों भाइयों ने करीब 40 साल पहले बेच दिया था। इसके बाद वे किनौरी गांव के छोई रोड स्थित एक फार्म हाउस में रहकर काम करने लगे। बड़ा भाई खूबसिंह अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करता था। वह खुद स्टोन क्रशर पर काम करता है और राजू फार्म हाउस व खेती की देखभाल करता था।
हथियार का भी नहीं चल सका पता
राजू हत्याकांड में पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। वारदात में किस हथियार का प्रयोग किया गया है इसे लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों ने बड़े भाई पर हत्या की आशंका जताई है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।- स्वप्न किशोर सिंह, एसपी काशीपुर