काशीपुर। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से स्नातक में प्रवेश के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 30 जून तक पंजीकरण करा सकते हैं।
कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय गढ़वाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा और संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया होनी है। इसके लिए समर्थ पोर्टल टीम देहरादून ने लिंक जारी कर दिया है। इसमें कहा गया कि सत्र 2025-26 के लिए समर्थ प्रवेश पंजीकरण पोर्टल 24 मई से खोल दिया गया है।
प्रथम चरण में छात्र-छात्राओं को ई-मेल एवं मोबाइल नंबर को पंजीकृत करते हुए प्रोफाइल पूर्ण कर शुल्क 50 रुपये का भुगतान करना होगा। द्वितीय चरण में छात्र को समर्थ पोर्टल पर पुनः लॉगिन कर एक से 30 जून के मध्य अपना विश्विद्यालय, महाविद्यालय और प्रोग्राम चुनना होगा। दोनों चरणों में समर्थ पोर्टल पर फार्म पूर्ण करने पर छात्र प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
प्रवेश के समय छात्र को अपना मूल पंजीकरण फार्म एवं सभी मूल प्रमाण पत्रों सहित महाविद्यालय में उपस्थित होना होगा।
नए सत्र के लिए समर्थ पोर्टल 24 मई से खुल गया है। इच्छुक छात्र-छात्राएं https://ukadmiss.samarth.ac.in पर पंजीकरण करा सकते हैं। -प्रो. सुमिता श्रीवास्तव, प्राचार्य-राधेहरि पीजी कॉलेज