पंतनगर। एयर इंडिया की देहरादून-पंतनगर फ्लाइट लो-विजिबिलिटी के चलते लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी निरस्त कर दी गई, जिससे दून-पंतनगर-दून फ्लाइट की टिकट बुक करा चुके यात्रियों को निराश होना पड़ा।
पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक राजीव पुनेठा ने बताया कि बुधवार को पंतनगर में विजिबिलिटी मात्र 500 मीटर थी, जबकि विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए न्यूनतम 15 सौ मीटर विजिबिलिटी की जरूरत होती है। बुधवार को एयर इंडिया की फ्लाइट तय समय पर दिल्ली से उड़ान भरकर देहरादून पहुंची, लेकिन पंतनगर में लो-विजिबिलिटी के चलते फ्लाइट संख्या 645 देहरादून से पंतनगर के लिए उड़ान नहीं भर सकी। इसके चलते इस मार्ग पर टिकट बुक करा चुके यात्रियों को अन्य माध्यमों से अपने गंतव्य के लिए रवाना होना पड़ा। दरअसल, एयर इंडिया ने मंगलवार को भी दिल्ली-पंतनगर के बीच इस फ्लाइट को निरस्त कर दिया था, जिसकी पूर्व सूचना उन्होंने टिकट बुकिंग एजेंसियों सहित एयर इंडिया की अधिकृत वेबसाइट पर पूर्व में ही उपलब्ध करा दी थी।
दून-पंतनगर फ्लाइट का शेड्यूल बदला, अब चार दिन चलेगी फ्लाइट
पंतनगर। देहरादून-पंतनगर हवाई मार्ग पर सेवा प्रदान कर रही एयर इंडिया ने अगले सप्ताह से इस मार्ग पर संचालित अपनी फ्लाइट के शेड्यूल में बदलाव किया है। अभी तक सप्ताह के सातों दिन संचालित होने वाली फ्लाइट अब सप्ताह में मात्र चार दिन (मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार व रविवार) ही संचालित की जाएगी। एयरपोर्ट निदेशक राजीव पुनेठा ने बताया कि कोविड के बढ़ते संक्रमण और खराब मौसम के चलते यात्रियों का इस हवाई सेवा में रूझान कम हुआ है, जिसके चलते यात्रियों की संख्या बहुत कम (15-20 यात्री) हो गई है। इस वजह से एयर इंडिया प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। संवाद
10 बसें एक से डेढ़ घंटा देरी से पहुंचीं
रुद्रपुर। कड़ाके की ठंड व घने कोहरे ने रोडवेज बसों की रफ्तार भी धीमी कर दी है। हाइवे पर छाये घने के कोहरे के कारण रुद्रपुर डिपो की लंबे रूट की अधिकतर बसें प्रतिदिन एक से डेढ़ घंटा विलंब से पहुंच रही हैं। बुधवार को भी दिल्ली की छह, हरिद्वार की तीन और चंडीगढ़ की एक बस करीब एक-डेढ़ घंटा विलंब से पहुंचीं। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण मार्गों पर बसों को धीमी गति से चलाना पड़ रहा है। इस कारण पिछले कुछ दिनों से बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। बसें औसतन एक से डेढ़ घंटा देरी से पहुंच रही हैं। इधर, रुद्रपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक डीएस मर्तोलिया ने कहा कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हो रहा है। सभी ट्रेनें तय समय पर पहुंच रही हैं। संवाद
घने कोहरे से बसों का संचालन हुआ प्रभावित
काशीपुर। घने कोहरे में बुधवार को बसों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहा। दिल्ली और देहरादून की बसें निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। ट्रेनें भी निर्धारित समय से कुछ देरी से चलीं। काशीपुर से दिल्ली, लखनऊ, देहरादून और टनकपुर के लंबे रूटों पर रोडवेज की बसों का संचालन होता है। बुधवार को सर्दी के चलते काशीपुर से दिल्ली और देहरादून जाने वाली बसें सुबह पांच बजे निर्धारित समय पर चलीं लेकिन कोहरे के कारण विजीविलिटी कम होने के कारण बसों की रफ्तार कम रही। बसों को गंतव्य तक पहुंचने में करीब एक से डेढ़ घंटे का समय अधिक लगा। रोडवेज की अन्य बसों का संचालन भी प्रभावित रहा। उधर, काशीपुर स्टेशन के मंडल वाणिज्य निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण पहले से ही सीमित गाड़ियां है। पूरे सप्ताह में काशीपुर में अप और डाउन 24 ट्रेनें हैं। सभी गाड़ियां अपने निर्धारित समय से पहुंच रही हैं। संवाद