काशीपुर। आगामी जनगणना में शिक्षकों की ड्यूटी लगने से ब्लॉक के 35 विद्यालयों की पढ़ाई चौपट हो सकती है। इन स्कूलों में मात्र दो-दो शिक्षक-शिक्षिकाएं तैनात हैं। ऐसे में एक के जनगणना करने जाने पर विद्यालय में बचे मात्र एक शिक्षक भी विभागीय कार्यों में उलझ जाएंगे।
प्रशासन ने आगामी जनगणना के लिए ब्लॉक से शिक्षकों की सूचना मांगी है। विभागीय कर्मियों ने 88 राजकीय प्राथमिक विद्यालय और 25 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के करीब 420 शिक्षकों की सूची भेज दी है। प्रशासन अपने स्तर से कार्य को देखते हुए इन शिक्षकों की ड्यूटी कार्य में लगाएगा। कार्य शुरू होने से पहले चयनित शिक्षकों की प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें धरातल पर उतारा जाएगा। बता दें कि ब्लॉक में करीब 35 राजकीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय ऐसे हैं, जिनमें मात्र दो-दो शिक्षक-शिक्षिकाएं तैनात हैं। इनमें से एक शिक्षक की ड्यूटी जनगणना में लग जाती है, तो दूसरा शिक्षक विभागीय सूचना और अन्य कार्यों में उलझ जाएगा। इस कारण से विद्यालय की पढ़ाई चौपट हो जाएगी। इससे विद्यालयों का पाठ्यक्रम पूरा नहीं होने पर परिणाम भी प्रभावित हो सकता है। शिक्षक इस समस्या को देखते हुए उच्चाधिकारियों और संगठन को अवगत कराने में लगे हैं।
कोट:
आगामी जनगणना में शिक्षकों की ड्यूटी लगनी है। इसकी सूची उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रशासन को भेजी गई है। विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित नहीं होने देने का प्रयास किया जाएगा। - धीरेंद्र कुमार साहू, खंड शिक्षाधिकारी, काशीपुर