बाजपुर। करीब 50 लोगों को लखीमपुर खीरी से देहरादून ले जा रही बस देर रात रुद्रपुर हाईवे पर चालक को झपकी आने से हादसे का शिकार हो गई। इससे बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 14 मजदूर घायल हो गए जबकि 11 मजदूरों के अलावा कुछ बच्चों को भी हल्की चोटें आईं। पुलिस ने सभी घायलों सरकारी अस्पताल में इलाज कराया। बस में बच्चों सहित 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
यूपी के लखीमपुर खीरी से शुक्रवार को बस (यूपी 31 टी 8246) देहरादून जा रही थी। बस में मजदूर व बच्चे सवार थे। देर रात करीब एक बजे चालक की अचानक झपकी आ गई और बस अनियंत्रित होकर रुद्रपुर हाईवे स्थिति नया गांव मोड़ के पास पुलिया से टकराकर पलट गई। बस में सवाल मजदूरों व बच्चों में चीख-पुकार मच गई। किसी ने 112 नंबर पर सूचना दी।
इस पर बाजपुर कोतवाली के एसआई कविंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस सेवा से अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा कराकर चौकी में खड़ा कराया। फरार चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है।
हादसे में ये हुए घायल
रेनू देवी, रमेश कुमार, पवन कुमार, राजू, मदनलाल, मोहम्मद सरीफ, रोहिनी, हरेंद्र सिंह, मुन्नालाल, कलामउददीन, विनोद, राहुल, दानिश।
कोट
इलाज के बाद सभी मजदूरों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। बस चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना होना बताया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है। बस में सवार मजदूर देहरादून और हरिद्वार में राजमिस्त्री का कार्य करने जा रहे थे। - विभव सैनी, सीओ, बाजपुर