आयकर विभाग की जांच में घिरे पीसीएस अधिकारी डीपी सिंह से बृहस्पतिवार को डीएम ऊधमसिंह नगर चंद्रेश कुमार ने भी डेढ़ घंटे तक उन्हीं के कार्यालय में पहुंचकर बातचीत की। बंद कमरे में पड़ताल के दौरान डीएम ने एसएलओ के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी खंगाले।
बृहस्पतिवार को करीब 12 बजे से डेढ़ बजे तक डीएम एसएलओ कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसएलओ डीपी सिंह को भी बुलाया और बंद कमरे में लंबी बातचीत हुई। हालांकि इस बातचीत में क्या निष्कर्ष निकला, इस पर किसी भी अधिकारी ने कुछ नहीं बताया।
बुधवार को ऊधमिंसह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में लखनऊ की आयकर विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमार की। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में भी दिनभर छापेमारी की चर्चाएं तेज रहीं। जब डीएम विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के कार्यालय में पहुंचे तो लोगों की निगाहें कार्यालय की ओर ही टिकी रहीं। मीडिया कर्मी भी कार्यालय के बाहर एकत्रित हो गए।
उत्तराखंड में पहली बार कलक्ट्रेट परिसर में आयकर की कार्रवाई
पीसीएस अधिकारी डीपी सिंह के सरकारी आवास कलक्ट्रेट परिसर में बुधवार को जो आयकर विभाग की रेड पड़ी है वह उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार किसी कलक्ट्रेट परिसर में इस तरह की कार्रवाई का मामला सामने आया है। इनकमटैक्स विभाग की टीमें इससे पहले कभी भी किसी कलक्ट्रेट परिसर में छापे की कार्रवाई को नहीं पहुंची हैं। जानकारों का कहना है कि बुधवार को जिस तरह से रुद्रपुर में आयकर विभाग की कार्रवाई हुई है वह अब तक की जिले में सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।