हल्दीघेरा गांव में निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण करते डीएम व जिपं अध्यक्ष ।- स्रोत- सूचना विभा
खटीमा/मझोला। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को मेलघाट मार्ग के चौड़ीकरण और सड़क सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने नवनिर्मित सीएसडी कैंटीन का निरीक्षण कर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने खटीमा-मझोला मार्ग निर्माण के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सहायक अभियंता एनएच को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि दो दिन में सड़क निर्माण कार्यों में तेजी नहीं आई तो आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने धूल-मिट्टी से राहगीरों के बचाव के लिए निरंतर पानी का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद डीएम ने हल्दीघेरा गांव में निर्माणाधीन हाईटेक गोशाला का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदाई संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहां पर जिपं अध्यक्ष अजय मौर्य, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, एसडीएम तुषार सैनी, ईई लोनिवि नीरज अग्रवाल, सतीश भट्ट, मनोज साही, गुरप्रीत खिंडा, सहायक अभियंता एनएच विनोद कुमार आदि थे।