फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज शुरू होते ही पुराने परिसर में चलेगा जिला अस्पताल

विज्ञापन
निर्माणाधीन रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में वैक्सीनेशन केंद्र का निरीक्षण करते स्वास्थ्य सचिव अमित ? - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
रुद्रपुर। स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड अमित नेगी ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद जिला अस्पताल को उसके पुराने परिसर में शिफ्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार आएगा।
विज्ञापन

मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्वास्थ्य सचिव जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, जनरल, प्राइवेट वार्ड, आईसीयू रूम, ओपीडी, प्रसव वार्ड और डायलिसिस सेंटर का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों का हाल जाना।
साथ ही मरीजों से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में कोविड अस्पताल, कोरोना टीकाकरण केंद्र और आरटीपीसीआर लैब का निरीक्षण किया।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि कोरोना जांच के लिए पहुंच रहे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने एआरटीओ कार्यालय के पास फैकल्टी भवन निर्माण के लिए चयनित भूमि का भी निरीक्षण किया। इसके बाद किच्छा मार्ग स्थित पुराना जिला अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि जिला अस्पताल भवन को मेडिकल कॉलेज में मर्ज किया जा रहा है।
इस कारण मेडिकल कॉलेज निर्माण पूरा होने के बाद 200 बेड का जिला अस्पताल अपने पुराने परिसर में संचालित होगा। इसको लेकर डीपीआर तैयार की जा रही है।
वहां स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ. शैलजा भट्ट, डीएम रंजना राजगुरु, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, पीएमएस डॉ. आरएस सामंत, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, डॉ. अविनाश खन्ना, एडीएम जगदीश कांडपाल, एसडीएम विशाल मिश्रा, जिला अस्पताल प्रबंधक अजयवीर चौहान, डॉ. गौरव अग्रवाल, एके पांडे थे।
अमर उजाला ने सबसे पहले प्रकाशित किया था समाचार
रुद्रपुर। अमर उजाला ने अपने 28 नवंबर 2020 के अंक में सबसे पहले 200 बेड के रुद्रपुर जिला अस्पताल के किच्छा मार्ग स्थित पुराने परिसर में शिफ्ट किए जाने का समाचार प्रकाशित किया था।
‘पंद्रह साल बाद फिर पुराने भवन में जाएगा जिला अस्पताल’ शीर्षक से इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बता दें कि उत्तराखंड राज्य गठन से पहले जिला अस्पताल किच्छा मार्ग पर संचालित होता था। वर्ष 2003 में नैनीताल हाईवे के किनारे जिला अस्पताल का नया भवन स्थापित हुआ था।
वेयर हाउस का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए
काशीपुर। स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने मंगलवार को एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्हें किसी तरह की खामी नहीं मिली। उन्होंने सीएमएस को अस्पताल के लिए वेयर हाउस का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सचिव ने सीएमओ डॉ. देवेंद्र पंचपाल, एसडीएम गौरव कुमार, अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीके सिन्हा के साथ आपाताकाल वार्ड और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मनु पांडे ने बताया कि अस्पताल में रोजाना करीब पांच यूनिट ब्लड की मांग है। जबकि स्टॉक में मात्र 13 यूनिट है। सचिव ने कोविड टीकाकरण के संबंध में भी जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में हुए अग्निकांड की जल्द से जल्द जांच पूरी कराने को कहा। कोरोना का टीका लगाने पहुंचे कुछ लोगों से भी सचिव ने बात की। लोगों ने उन्हें बताया कि टीका लगाने से उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए सचिव ने कहा कि अस्पताल में वेयर हाउस नहीं है जिसके लिए उन्होंने प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया है। (संवाद)

रुद्रपुर में पुराना जिला अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी।- फोटो : RUDRAPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें