बरेली से लालकुआं के बीच चलने वाली डेमू ट्रेन अपने निर्धारित समय पर जंक्शन पहुंची। सवारी भरकर समय से अपने गंतव्य रवाना हो गई।
डेमू ट्रेन संख्या 55315 रविवार को छोड़कर सभी दिन बरेली से काशीपुर आवाजाही करेगी। यह बरेली से सुबह सवा 6 बजे चलकर 10 बजकर 10 मिनट पर काशीपुर जंक्शन पहुंचेगी। रेल वाणिज्य निरीक्षक मुकेश गुप्ता ने बताया कि डेमू ट्रेन अत्याधुनिक तकनीक से लैस मेट्रो की तरह दिखने वाली ट्रेन है। पहले दिन डेमू ट्रेन में बैठकर सफर करने वाले यात्रियों ने आनंद लिया। ट्रेन में डबल इंजन होने की वजह से शंटिंग नहीं करनी पड़ेगी।
प्रभारी स्टेशन अधीक्षक महेंद्र सिंह व वाणिज्य निरीक्षक मुकेश गुप्ता ने बताया डेमू ट्रेन संख्या 55315 को चालक रतन कुमार यादव व सहायक सोनू सिंह और गार्ड आशीष कुमार यहां लेकर पहुंचे थे। जबकि वापसी में गार्ड विकास पचौरी डेमू ट्रेन संख्या 55318 को लेकर 12 बजे लालकुआं को रवाना हुए। बताया कि पहले ट्रेन के आने के दौरान इस रेलवे फाटक को शंटिंग के लिए करीब 25 मिनट तक बंद करना पड़ता था। लेकिन अब डबल इंजन की डेमू ट्रेन के संचालन होने से केवल 10 मिनट के लिए फाटक बंद किया गया।