सितारगंज। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के विधानसभा अध्यक्ष संदीप कुमार ने सितारगंज के मुख्य तिरंगा चौराहा और बिज्टी चौराहे से अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों को हटाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम तुषार सैनी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
बृहस्पतिवार को दिए ज्ञापन में कहा कि तिरंगा चौराहे पर हाल ही में अंग्रेजी शराब की दुकान खोली गई है। जिसके समीप विद्यालय तथा आवासीय क्षेत्र स्थित हैं। आरोप लगाया कि राष्ट्रीय ध्वज के निकट शराब की दुकान संचालित होने से उसकी गरिमा प्रभावित हो रही है। साथ ही विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों एवं स्थानीय लोगों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर तिरंगा चौराहे और बिज्टी चौराहे से अंग्रेजी और देशी शराब की दुकानों को नहीं हटाया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। संवाद