खटीमा। मेलाघाट मार्ग पर रेलवे फाटक के पास जाम की समस्या बरकरार है। इस समस्या के समाधान के लिए लोगों ने लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन दिया था लेकिन अब तक समस्या जस की तस है। इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों के अलावा यूपी समेत विभिन्न स्थानों के लिए निजी व व्यवयसायिक वाहन चलते हैं। भाजपा के पूर्व जिला मंत्री भुवन जोशी ने बताया कि रेलवे फाटक के खुलने और बंद होते समय वाहन चालक बेतरतीब चलते हैं जिससे लंबा जाम लगता है। इस समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपकर फाटक के दोनों ओर कुछ दूरी तक डिवाइडर बनाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने डिवाइडर लगवाने का आश्वासन दिया है।