खटीमा। खटीमा में वेंडिंग जोन बनाने की मांग के लिए बुधवार को फुटकर सब्जी-फल विक्रेताओं ने एसडीएम तुषार सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
फल-सब्जी विक्रेता कल्याण समिति के अध्यक्ष पप्पू अली ने कहा कि खटीमा में फल और सब्जी की फुटकर बिक्री के लिए स्थान न होने के कारण वह लंबे समय से पुरानी सब्जी मंडी में अस्थायी रूप से फड़ लगाकर सब्जी बेच रहे हैं।
इसके अलावा टनकपुर मार्ग, पीलीभीत मार्ग, मेलाघाट मार्ग व सितारगंज मार्ग पर पीली पट्टी के अंदर ठेला लगाकर फल बिक्री करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान खटीमा की जनसंख्या बढ़ जाने के कारण मार्गों पर दबाव बढ़ गया है जिस कारण प्रशासन आए दिन उन्हें हटा देता है।
इस समस्या को देखते हुए सब्जी और फलों के फुटकर व्यापार के लिए पुरानी तहसील परिसर, पुराना अस्पताल परिसर व पीलीभीत मार्ग पर वन विभाग की खाली भूमि में जगह उपलब्ध कराई जाए। वहां आफताब, शकील अहमद, मोहम्मद जरीफ, फईम अहमद, गुलफाम, नासिर आदि थे।