देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू होने के बाद अब देहरादून-पंतनगर के लिए हवाई सेवा शुरू करने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। जल्द ही पंतनगर और देहरादून के बीच लोग उड़ान भर सकेंगे। इसके लिए बुधवार को देहरादून से 9 सीटर ट्रायल (इनागरल) विमान पंतनगर पहुंचा। इसके शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच यात्रियों को कम समय में पहुंचने की सुविधा मिलने के साथ ही जल्द चिन्यालीसौंड़ के लिए भी हवाई सेवा उपलब्ध होगी।
देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू करने के बाद देहरादून-पंतनगर के बीच हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को एक इनागरल विमान पंतनगर पहुंचा। विमान लेकर पहुंचे कैप्टन संदीप सोती एवं अशोक शेट्टी ने बताया कि देहरादून से 1.45 बजे चलकर 2.10 बजे विमान पंतनगर पहुंचा। यह सेवा एक माह के अंदर प्रारंभ होगी और इसके लिए जिंदल ग्रुप (आईएफएसएएल) से एक वर्ष के लिए अनुबंध किया गया है। बताया कि
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की उत्तराखंड में एयरफील्ड वर्तमान में देहरादून, पंतनगर, पिथौरागढ़ एवं चिन्यालीसौंड़ है। प्राधिकरण इन चारों एयरफील्ड के बीच हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर एसडीएम पंकज उपाध्याय, एयरपोर्ट निदेशक एन. सुब्रमण्यम एवं प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।