जसपुर। ईद की पूर्व संध्या पर अपनी बहनों के घर से सामान लाने और पहुंचाने जा रहे दो युवकों की बाइकें आपस में भिड़ गईं। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और हादसे के बाद ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों की गुजारिश पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराए बिना शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए।
मोहल्ला जुलाहान ईदगाह रोड निवासी मो. हनीफ की पुत्री अपनी ससुराल महुवाखेड़ागंज से ईद पर मायके आई थी। उसका कुछ सामान ससुराल में छूट गया था। बुधवार की शाम सामान लेने के लिए उसने छोटे भाई मो. मोहसिन (19) को ससुराल भेजा था। वह बाइक में कपड़े और सामान लेकर जसपुर लौट रहा था।
वहीं पतरामपुर रोड नई बस्ती निवासी मो. सबील (20) पुत्र इरफान ग्राम मिस्सरवाला में ब्याही अपनी बहन को सामान देने बाइक से जा रहा था। देर शाम शिवराजपुर पट्टी पुलिस चौकी के पास दोनों की बाइकें टकरा गईं। हादसे के समय दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहना था। दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मोहसिन आरामशीन में काम करता था। उसके पांच भाई, बहन हैं जबकि मो. सबील मजदूरी करता था। उसके भी पांच भाई-बहन हैं। दोनों के परिजनों ने डॉक्टरों पर समय से उपचार शुरू न करने का आरोप लगाया। कहा कि यदि समय पर उपचार मिल जाता तो दोनों बच सकते थे। दोनों नौजवानों की मौत से परिवारों में ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।