काशीपुर। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर के उपाध्यक्ष के आदेश पर दो अवैध कॉलोनियों को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। जबकि दो अन्य कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए हैं।
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन ने बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय कार्यालय में कई वादों को सुना और दो वादों का निस्तारण किया। इस दौरान उन्होंने दो शिकायतों का निस्तारण करते हुए रुद्राक्ष गार्ड के सामने एमए एकेडमी के पास नीझड़ा में मोहम्मद आरिफ व खड़कपुर देवीपुरा में प्रकाश प्रजापति व ओमकार प्रजापति के अवैध कॉलोनी ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए। वहीं उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्राम खोखरताल में स्वर्ण कौर सिंह व ग्राम कुआंखेड़ा में जय कुमार को 30 दिन पहले अपने निर्माण को स्वयं ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया गया था। निर्माणकर्ताओं ने निर्माण ध्वस्त नहीं किया। इसके चलते जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल व क्षेत्रीय पटवारी के साथ बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए दोनों अवैध कॉलोनी को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त कर दिया। वहीं बताया कि ग्राम कुआंखेड़ा में ध्वस्त की गई कॉलोनी के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी।