काशीपुर बैंक कॉलोनी में बैठकी होली गाते होलियार।
- फोटो : KASHIPUR
वसंत पंचमी के साथ शुरू हुई बैठकी होली के क्रम में शनिवार शाम को रामनगर रोड स्थित बैंक कॉलोनी निवासी मोहित उपाध्याय के निवास पर बैठकी होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में काशीपुर, रामनगर, नैनीताल, अल्मोड़ा और रुद्रपुर से आए होलियारों ने राग यमन, राग काफी और राग भैरवी में होली गीतों का गायन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अल्मोड़ा से आए होलियार प्रभात साह गंगोला ने नंद गांव बरसाने चली मैं तो, रुद्रपुर से पहुंचे होलियार/अधिवक्ता दिवाकर पांडे ने मत मारो द्रगन की चोट रसिया, हेम पांडे ने धावा बोल गयो गिरधारी, आयोजक मोहित उपाध्याय ने सारी डार गयो मोये, रंग की गागर, रामनगर के होलियार केसी त्रिपाठी ने रंग डालूूंगी में नन्द जी के लालन पै, नैनीताल से आई निधी जोशी ने कर ले श्रंगार चतुर अलबेली, काशीपुर से आकाशवाणी कलाकार सर्वेश यादव ने पिया तोहे नैना लागी, वसंत बिष्ट ने यशोदा के लाल खेलें होली और मनोज पंत ने भैरवी राग में सबको होली की मुबारकबाद गीत का गायन किया।
तबले पर दिव्यांश उपाध्याय, बसंत बिष्ट, चित्रेश त्रिपाठी, नवीन बेगाना और प्रभात शाह ने संगत दी। मोहित ने बताया कि वह करीब 22 वर्षों से अपने आवास पर बैठकी होली कर रहे हैं। उनके पुत्र दिव्यांश भी होली गायन और वादन के गुर सीख रहे हैं। कार्यक्रम में योगेश जोशी, डॉ. बीसी जोशी, शोभित गुड़िया चक्रेश जैन, चंद्र शेखर पंत, डॉ. मनोज कुश्वाहा, चंद्र मोहन भंडारी, डॉ. जीसी मर्तोलिया, डॉ. कुलवीर विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।