जसपुर में तिरंगा लगीं कांवड़ें।
- फोटो : KASHIPUR
जसपुर। कांवड़ मेले में आस्था के साथ देशभक्ति का रंग भी नजर आ रहा है। शिवभक्त अपने कांवड़ पर तिरंगा झंडा लगाकर चल रहे हैं। कांवड़ियों की मंदिर कांवड़ भी मनमोह रही हैं। शिवभक्तों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
देहरादून-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग-74 और जसपुर शहर से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के गुजरने का सिलसिला जारी है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण शिवमय बना हुआ है। महिलाएं और बच्चे भी कांवड़ ला रहे हैं। रविवार को काशीपुर के शिवभक्तों की मंदिर रूपी कांवड़ आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह भंडारे एवं स्वास्थ्य कैंप की निशुल्क व्यवस्था की गई है। उधर पुलिस एवं प्रशासनिक अफसर कांवड़ मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में जुटे हुए हैं। शिवभक्तों समेत लोगों की आसानी के लिए मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था बनाई है।
कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाया स्वास्थ्य शिविर
जसपुर। गरीब जनसेवा समिति के सदस्यों ने महुआडाबरा बस स्टैंड पर हरिद्वार से जला रहे कांवड़ियों की सुविधा के लिए दो दिनी स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। रविवार को समिति के अध्यक्ष हरदीप सिंह ने शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने साधन संपन्न लोगों से जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की। वहां वीरेंद्र शर्मा, प्रियंका, परमजीत कौर, दीपमाला, लक्ष्मी देवी, सुमन देवी, शीशराम सिंह, चट्टान सिंह, सुनील कुमार, यशोदा देवी आदि थे। संवाद