रुद्रपुर/गदरपुर। सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में एहतियातन पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए थे।
सोमवार सुबह से ही आवास विकास स्थित प्राचीन शिव मंदिर, रंपुरा में शिव मंदिर 84 घंटा, सिडकुल में स्थित प्राचीन वन शक्ति मंदिर, पांच मंदिर, चामुंडा मंदिर सहित कई मंदिरों में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचे थे। मंदिरों में भीड़ अधिक होने की वजह से श्रद्धालुओं को कतार में खड़ा रहना पड़ा। इस दौरान शिवालयों में बम बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने जल के साथ ही दूध से शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। फल और बेलपत्र चढ़ाए। मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई थी।
गदरपुर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में भीड़ उमड़ पड़ी। भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। नगर के श्री सनातन धर्म मंदिर बुध बाजार, श्री पुरातन सनातन धर्म मंदिर आजादनगर, श्री पुरातन शिव मंदिर गदरपुर, श्री दुर्गा मंदिर सिनेमा रोड, ओम बापू मंदिर के अलावा श्री दुर्गा ज्योति मंदिर सुख शांति नगर, शिव मंदिर चमनगंज में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। इधर, ग्राम सरदारनगर, बराखेड़ा, महतोष, सकैनिया, राजपुरा और लखनऊ आदि ग्रामों में भी मंदिरों में जलाभिषेक किया गया। संवाद
शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव
काशीपुर/बाजपुर/सुल्तानपुर पट्टी। शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने वातावरण को शिवमय बना दिया। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज सुनाई दी।
श्रद्धालु अपने आराध्य भगवान शिव को जल अर्पित करने के लिए शिवालयों में पहुंचे। हर हर बम बम और जय भोलेनाथ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा। चैती परिसर स्थित श्री मोटेश्वर महादेव मंदिर, जसपुर खुर्द स्थित बांसियों वाला शिव मंदिर, श्यामपुरम स्थित हरिशंकर मंदिर, पक्काकोट स्थित श्री नागनाथ मंदिर आदि मंदिरों के बाहर तक भक्तों की कतारें लगी हुई थीं। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग और फूल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई भक्तों ने रुद्राभिषेक भी करवाया और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
बाजपुर में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। अनाज मंडी परिसर स्थित दुर्गा शिव मंदिर परिसर में उत्तराखंड महिला संघ प्रदेशाध्यक्ष अनीता शर्मा की अगुवाई में महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया। हर हर महादेव के जयकारों की गूंज रही। वहां विमला, महक, कुसुम, सरोज, क्रांति, प्रेमा, आनंदी आदि मौजूद रही। संवाद
सुल्तानपुर पट्टी में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कोसी शिव मंदिर, जागेश्वर शिव मंदिर, मनोकामना शिव मंदिर, मां भवानी मंदिर आदि मंदिरों में भीड़ रही। शिव भक्तों ने शिवलिंग का दूध-जल से अभिषेक किया। शिवलिंग को पुष्प, बेलपत्र, आंक, धतूरे से सजाकर महाआरती की। इस दौरान मंदिरों में घंटी, घड़ियाल, शंख और झालर के बीच भोलेनाथ के उद्घोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। नगर क्षेत्र में हर-हर महादेव, जय ओम शिवकारा की गूंज सुनाई दी। संवाद