एसबीआई से दो लाख रुपये निकाल कर अपने पुत्र के साथ बाइक पर घर जा रहे काश्तकार को पेट्रोल पंप पर तेल भराते समय सितारगंज की ओर से आ रहे दो झपटमारों ने लूट लिया। बदमाश रुपये का थैला छीनकर बाजार की ओर भागे। पुलिस झपटमारों की तलाश कर रही है। पेट्रोल पंप जैसे व्यस्त स्थान पर की गयी लूट की वारदात से यहां दहशत व्याप्त है।
खस्सी बाग निवासी जसवीर सिंह अपने पुत्र जसवीर के साथ सितारगंज रोड स्थित एसबीआई की शाखा से दो लाख रुपए निकाल कर घर की ओर जा रहे थे। इस बीच गंगा फीलिंग स्टेशन पर जसवीर ने पेट्रोल भराने के लिए बाइक रोकी।
जसवीर पेट्रोल भरा रहा था कि इस बीच भूड़ की ओर से आए एक बाइक में सवार दो झपटमारों ने उसके पिता के हाथ से दो लाख का थैला छन लिया और वहां से भाग गए। जब तक वह कुछ समझ पाते झपटमार बाजार की ओर भाग निकले। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर रुपये बरामदगी की मांग की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी लोकजीत सिंह ने कहा कि अपराधियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।