रुद्रपुर। जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) की ओर से सील किए गए निर्माणाधीन भवन पर बुधवार को सरकारी घन और हथौड़े गरज गए। भारी फोर्स की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।
डीडीए की टीम ने प्रशासन के साथ मिलकर 31 मई को पहाड़गंज में नजूल की भूमि पर पार्षद प्रतिनिधि अय्यूब अंसारी के निर्माणाधीन मकान पर नोटिस चस्पा कर दिया था। प्राधिकरण की कार्रवाई का विरोध भी हुआ था। बताया जा रहा है कि सील की तार लगाने के बावजूद वहां पर निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण की ओर से अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण का आदेश दिया गया।
बुधवार को एसडीएम मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटौला, डीडीए के अधिकारी और पुलिस फोर्स के साथ निर्माणस्थल पर पहुंच गए। अचानक पुलिस प्रशासन को देख अतिक्रमण की जद में आए लोग आशियाने टूटने को लेकर आशंकित हो गए। एसडीएम के निर्देश पर टीम के साथ आए 20 से 22 मजदूरों ने अवैध निर्माण को घन, हथौड़े और ड्रिल मशीन से तोड़ना शुरू कर दिया।
एसडीएम मनीष बिष्ट ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश थे। इसी क्रम में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। अवैध निर्माण ध्वस्त होने के बाद नगर निगम इस जमीन पर अपना बोर्ड लगाएगा। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि अवैध निर्माण का प्रकरण न्यायिक प्रक्रियाओंं में आया था। प्राधिकरण के अधिवक्ता और शासकीय अधिवक्ता से विधिक राय ली थी। 304 अवैध संरचनाओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।