मारपीट के दौरान बीच बचाव करने पर एक युवक को गोली मार दी गई। शनिवार रात हुई घटना के बाद युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत को चिंताजनक देखते हुए उसे सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
युवक पर जानलेवा हमला करने के विरोध में गांधी नगर के दर्जनों लोग कोतवाली पहुंच गए और उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शनिवार रात गांधी कालोनी निवासी मनोज के साथ पांच छह लोग मारपीट कर रहे थे। इस बीच मोहल्ले का ही अमन बीच बचाव के लिए पहुंच गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अमन के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि तैश में आए राहुल शर्मा नामक युवक ने तमंचा निकालकर अमन को धमकाने के मकसद से दो राउंड फायर कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी बीच राहुल ने अमन पर फायर झोंक दिया। क्षेत्र में हुई गोलीकांड की घटना से अफरातफरी मच गई। घटनास्थल पर लोगों का हुजूम लग गया। इस दौरान हमलावर मौके से भागने में कामयाब हो गए। घायल अमन और मनोज को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया जहां पर अमन की हालत को गंभीर देखते हुए उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह पर दबिश भी दी लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। वहीं रविवार को दर्जनों लोग कोतवाली आ धमके और राजू राजौरिया की ओर से आरोपियों के खिलाफ तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिलने वालों में राजेश, ज्ञानचंद, विपिन राजौरिया, बंटी राजौरिया, सोनू, अरविंद वर्मा, उमेश, संजय, जॉनी आदि मौजूद थे।
फायरिंग के आरोपियों की कुंडली भी खंगाल रही पुलिस
बीती रात गांधी कालोनी में फायरिंग के आरोपियों कर पुलिस कुंडली भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास तमंचा कहां से आया इसकी जांच की जा रही है।
साल भर पहले हुई थी कहासुनी
मनोज और राहुल शर्मा के बीच सालभर पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि तब इस मामले का पटाक्षेप कर दिया गया था, लेकिन शनिवार रात राहुल ने मनोज को फोन कर उसे बुलाया था, जहां उस पर हमला कर दिया गया।
जिम से निकलकर आ रहा था अमन
गांधी कालोनी क्षेत्र में जब मनोज के साथ मारपीट हो रही थी तब अमन जिम से बाहर निकला ही था। उसने जब बीच बचाव का प्रयास किया तो उस पर भी हमला कर दिया गया। इस बीच राहुल ने अमन पर फायर झोंक दिया।