गदरपुर क्षेत्र में वांछित लकड़ी तस्करों की धरपकड़ के लिए गई एसओजी टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर बंधक बना लिया। पुलिस ने टीम को छुड़ाते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनकी मदद करने वाले एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया। एसओजी के एसआई की तहरीर पर महिला समेत पांच नामजद और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने कुछ दिन पूर्व गदरपुर थाना क्षेत्र से खैर की लकड़ी से भरी पिकप पकड़ी थी, जबकि लकड़ी ले जा रहे दो तस्कर फ रार हो गए थे। शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि तस्कर क्षेत्र में हैं। इस पर एसओजी के एसआई योगेश कुुमार, सिपाही बलवंत सिंह, नवीन भट्ट और खजान शर्मा के साथ रात करीब आठ बजे तस्करों को पकड़ने के लिए गदरपुर पहुंचे और झगड़पुरी निवासी कुरबान अली और ग्राम मसीद निवासी जहूर अहमद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को थाने लाने के दौरान ग्रामीणों ने एसओजी की टीम पर हमला कर तस्करों को छुड़ाने का प्रयास किया।
सूचना पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, एएसपी देवेंद्र पींचा, एएसपी काशीपुर जगदीश चंद्र, सीओ बाजपुर महेश चंद्र बिन्जोला, गदरपुर थानाध्यक्ष ललित मोहन जोशी, दिनेशपुर एसओ सीएस रावत और केलाखेड़ा के एसओ विरेंद्र रमोला फोर्स के साथ गदरपुर पहुंचे। पुलिस ने टीम को छुड़ाते हुए दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और उनकी मदद करने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने एसओजी के एसआई योगेश कुमार की तहरीर पर गिरफ्तार कुर्बान अली, जहूर अहमद के अलावा फ रार जाकिर हुसैन, उसकी पत्नी सलीमन और पुत्र जाबिर के अलावा कुछ अन्य ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत संबंधित धाराओं में गदरपुर थाने में केस दर्ज कर लिया है।