ग्राम खरमासा, भीमनगर और अन्य गांवों के लोगों ने कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी को एक शिकायती पत्र देकर एक युवती पर अनैतिक कृत्यों में लिप्त रहने और लोगों को ब्लैकमेल कर रकम ऐंठने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने उक्त युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कुंडेश्वरी चौकी का घेराव किया।
बुधवार को चौकी पर मौजूद उपनिरीक्षक हेमचंद्र हरड़िया को सौंपे शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि एक गांव की एक चर्चित युवती अनुचित कार्यों में लिप्त है। उसके घर गलत आचरण के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। युवती एक जनप्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगाकर उससे लाखों रुपये की रकम ऐंठ चुकी है। इस मामले में उक्त युवती के खिलाफ काशीपुर कोतवाली में रंगदारी का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।
इसके अलावा युवती हल्द्वानी में एक चिकित्सक को ब्लैकमेल करने के आरोप में भी जेल भेजी जा चुकी है। यह युवती फेसबुक पर अलग-अलग नामों से आईडी बनाकर लोगों को पहले अपने प्रेमजाल में फंसाती है और बाद में उन्हें ब्लैकमेल कर रकम वसूलती है। गलत कृत्यों का विरोध करने पर युवती ग्रामीणों को भी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। एसआई हरड़िया ने इस मामले में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहां राजकुमार, बीडीसी सदस्य नौबहार सिंह, दलजीत सिंह, सिंगारा सिंह, राजकुमार शर्मा, राजीव जोशी, तेजपाल सिंह, प्रेम किशोर, सुरजीत सिंह, महेंद्र सिंह, बलराज सिंह, वीरेंद्र, सरजीत सिंह, विजयपाल आदि थे।