एसओजी टीम ने बुधवार को एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद कर कार चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि पकड़ी गई शराब चुनाव के दौरान बांटने के लिए भेजी गई थी। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी चालक को जेल भेज दिया है।
एसओजी के एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में टीम मंगलवार रात बिलासपुर मार्ग पर प्रीत विहार के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच कार संख्या यूके 06 एई 5031 को जब पुलिस टीम ने रोकना चाहा तो कार तेजी से प्रीत विहार कॉलोनी की ओर मुड़ी जिस पर टीम ने पीछा कर कुछ ही दूरी पर कार को रुकवा लिया। तलाशी लेने पर कार में 100 पाइपर्स ब्रांड की 8 पेटी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब जब्त कर कार चालक मोहल्ला रेशमबाड़ी निवासी सलीम को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में तलाशी सलीम ने पुलिस को बताया कि वह रवींद्र नगर से शराब की पेटियां प्रीत विहार कॉलोनी में ले जा रहा था। पुलिस ने सलीम का चालान कर जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक शुरूआती जांच में पता चला है कि उक्त शराब चुनाव के दौरान बांटने के लिए लाई गई थी। टीम में प्रकाश भगत, प्रवीण गोस्वामी, सतेंद्र सुयाल, उमेश राज, यामीन आदि भी थे।