शारदा नहर में नहाने गए पांच युवकों में एक लापता हो गया। बाद में नहर बंद कराने पर लापता युवक का शव लगभग दो सौ मीटर दूर सूखी नहर पर मिल गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार राधेश्याम राणा एवं थाना झनकईया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम गौहर पटिया निवासी प्रेम जोशी(24) पुत्र स्व. नारायण दत्त जोशी अपने साथियों के साथ लगभग डेढ़ बजे सूखा पुल नहर बाईपास पर नहाने गए थे। नहर में गोता लगाने के बाद प्रेम बाहर नहीं निकला। इससे साथियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
तहसीलदार राधेश्याम राणा राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने नहर का पानी बंद कराया। बाद में घटना स्थल से लगभग 200 मीटर दूर सूखी नहर से प्रेम का शव मिल गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान राजस्व उप निरीक्षक हरीश चंद्र, दान सिंह, हिमांशु बिष्ट, सतीश भट्ट, संतोष अग्रवाल आदि मौजूद थे। मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अविवाहित था और पूना में होटल व्यवसाय से जुड़ा था।