बाजपुर के बरहैनी जंगल में तस्करों की गोली से हुई बीट वाचर की मौत के बाद पुलिस ने लकड़ी तस्करों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने छापा मारकर एक तस्कर को धर दबोचा और उसके घर से खैर के 38 गिल्टे, दो बंदूूक और कारतूस बरामद किए हैं।
रविवार को दोपहर तीन बजे एसओ जसविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने ग्राम दलपुरा रोशनपुर में गुरमुख सिंह उर्फ कुक्की के घर पर छापा मारा। टीम ने गुरमुख सिंह की निशानदेही पर घर के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई खैर की लकड़ी के 38 गिल्टे, लकड़ी चोरी में प्रयुक्त बाइक, 315 और 12 बोर की एक-एक बंदूक कारतूस सहित बरामद की। पूछताछ में गुरमुख सिंह ने बताया कि वह काफी समय से लकड़ी तस्करी कर रहा है। लकड़ी चोरी करने जाने के दौरान वनकर्मियों से अपनी सुरक्षा के लिए बंदूकें साथ ले जाता था। पुलिस ने आरोपी गुरमुख सिंह के खिलाफ धारा-379 एवं 411 के अलावा 26-वन अधिनियम एवं धारा-3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बरामद लकड़ी आरोपी ने किस जंगल से काटी है। इस संबंध में वन विभाग की टीम को भी सूचना दी जा रही है।
टीम में एसआई बसंत प्रसाद, एसओजी के एसआई भुवनचंद जोशी, राजेश पांडे, सिपाही अब्दुल मलिक, मो. यामीन, किरन मेहता, मदन लाल, बलवंत मनराल, संतोष रावत, चंदन सिंह, राजेंद्र बगडवाल आदि थे।
बीट वॉचर के हत्यारोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
बाजपुर। बरहैनी जंगलात में बीट वॉचर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी तस्कर दूसरे दिन भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हत्या आरोपियों को पकड़ने के लिए नैनीताल और ऊधमसिंह नगर दोनों जिलों की पुलिस टीमों ने बाजपुर क्षेत्र में जंगल से सटे गांवों में दबिशें दीं, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
बता दें कि शुक्रवार रात बरहैनी रेंज के बौर नदी के पास तस्करों को पकड़ने गई जंगलात टीम पर तस्करों ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें बीट वॉचर बहादुर सिंह चौहान निवासी बाजपुर के गांव पोपपुरी की मौत हो गई। महेंद्र सिंह निवासी गांव थापकनंगला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस मामले में कालाढूंगी थाने में लखविंदर सिंह लक्खी और अन्य के खिलाफ धारा 302, 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद ने बताया कि सीओ एमसी बिन्जौला, कोतवाल चंचल शर्मा, बरहैनी पुलिस चौकी इंचार्ज दीपक कौशिक ने पुलिस टीमों के साथ हत्या आरोपी तस्करों के ठिकानों पर दबिशें दीं। लेकिन आरोपी तस्कर हत्थे नहीं चढ़े। इधर, सूत्र बताते हैं कि पुलिस टीम ने हत्यारोपी तस्कर के परिजनों और अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की है।
व्यापारियों ने रेंजर से मृतक के बेटे के लिए मांगी नौकरी और मुआवजा
बाजपुर। बरहैनी रेंजर रूपनारायण गौतम जंगलात टीम के साथ बाजपुर के गांव पोपपुरी में मृतक बीट वॉचर बहादुर सिंह चौहान के घर पहुंचे। उन्होंने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने रेंजर से मृतक के पुत्र को स्थायी नौकरी और दस लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की। इस पर रेंजर ने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों ने नौकरी और मुआवजे की मांग को शासन स्तर पर रखा है।
बरहैनी व्यापार मंडल अध्यक्ष सन्नी आनंद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल रेंजर से मिला। उन्होंने भी मृतक के पुत्र को नौकरी और मुआवजा दिलाने की मांग को प्रमुखता से रखा। वहां मृतक का भाई पान सिंह, कृपाल सिंह, मोहन पांडे, वीरेंद्र बिष्ट, अमरजीत सिंह रंधावा, हरीश कांडपाल, महेश चंद, विजय सेमवाल, भगवान सिंह छिम्वाल, जगमोहन सिंह, मुकेश आदि थे। सन्नी आनंद ने बताया कि वन रेंजर गौतम मृतक के परिजनों से कागजात लेकर गए हैं।
बीट वॉचर की आज होगी अंत्येष्टि
बाजपुर। प्रभागीय वनाधिकारी तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर आरके सिंह ने बताया कि बीट वॉचर बहादुर सिंह चौहान की अंत्येष्टि सोमवार सुबह बरहैनी स्थित श्मशान घाट पर होगी। उन्होंने रेंज के समस्त वन कर्मचारियों से मय वर्दी के साथ अंतिम संस्कार में सलामी देने के लिए शामिल होने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार मृतक बहादुर सिंह चौहान का बडे़ पुत्र वीरेंद्र सिंह विदेश कुवैत में है, जो रविवार देर रात या सोमवार सुबह पहुंचेगा। ब्यूरो