हरिपुरा जलाशय में ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने एसएसपी को घेरा। एसएसपी के जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
मंगलवार को डैम में मछली मारने की सूचना पर ठेकेदारों के गुर्गों ने ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी, जिसमें 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। घटना की तहरीर ठंडानाला निवासी बिलकिश बेगम ने पुलिस चौकी में दर्ज कराई थी। घटना के 24 घंटे के बाद भी हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीण आक्रोशित होकर पुलिस चौकी पहुंच गए।
सूचना पर एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले पुलिस चौकी पहुंच गए। उनके पहुंचते ही ग्रामीणों ने उनको हमलावरों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोश जताया। एसएसपी ने बताया कि उन हमलावरों में से रवि और केदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्यों की गिरफ्तारी भी जल्द कराई जाएगी इसके लिए टीमें लगा दी गई हैं।
घेराव करने वालों में प्रेमानंद महाजन, विजय भुड्डी, कमालुदीन, हनीफ, प्रेम सिंह, किशोर सामंत, सुमित बैरागी, नूर हसन, रियासत, गुड्डु, बाबू हसन, रुखसार आदि लोग थेे।
हमलावरों पर दहशतगर्दी की धाराएं भी लगाई जाएंगी : ताकवाले
एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले को ग्रामीणों ने बताया कि गूलरभोज क्षेत्र शांत इलाका हैै। यहां के माहौल को लगातार बिगाड़ा जा रहा है। दो वर्ष पहले मार्च 2014 को दो ठेकेदारों के बीच भी वर्चस्व को लेकर फायरिंग की घटना हुई, उसके बाद पिछले एक पखवाड़े में भी दो बार फायरिंग हुई है। इससे यहां का माहौल खराब किया जा रहा है। यह सुनकर एसएसपी ने अधीनस्थों को कहा कि इन हमलावरों पर दहशतगर्दी की धाराएं भी लगाई जाएं।
मछली ठेकदारों का वाहन किया जब्त
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की मुनादी के बाद भी मछली ठेकेदारों द्वारा डैम में मछली का शिकार कराया जा रहा था। मछली के लिए बर्फ ले जा रहे वाहन को आक्रोशित ग्रामीणों ने रोक लिया और वाहन को पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया। शिकार की सूचना पर एसएसपी ने डैम पर जाकर ठेकेदारों के कर्मियों को शिकार न कराने की हिदायत दी।