टायलेट और दीवार ढहाने के आदेश से गुस्साए बाप-बेटे समेत तीन लोगों ने राजस्व निरीक्षक के साथ गाली-गलौच कर मारपीट की और आदेश की प्रति फाड़ डाली। राजस्व निरीक्षक ने तीनों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
राजस्व निरीक्षक जोगा सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि बीती 22 अप्रैल को वार्ड संख्या चार निवासी रिफाकत हुसैन पुत्र स्व. अली हुसैन ने वार्ड संख्या 11 में फहीमुद्दीन पुत्र रैफुद्दीन द्वारा अवैध तरीके से टायलेट टैंक और दीवार बनाने की शिकायत की थी। जिस पर एसडीएम ने उसे ढहाने का आदेश दिया। एसडीएम के आदेशानुसार अतिक्रमण ढहाने की कार्रवाई चल रही थी। आरोप लगाया कि फहीमुद्दीन, उसका बेटा फैजी और मो. काबिश उर्फ विक्की पुत्र अखलाक अहमद ने राजस्व निरीक्षक के कार्यालय पहुंचकर आदेश की प्रति दिखाने को कहा। विरोध करने पर तीनों लोग गाली-गलौच करने लगे और मारपीट की। साथ ही आदेश की प्रति भी फाड़ दी। राजस्व निरीक्षक द्वारा शनिवार को दी तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की 332, 353, 323, 427, 504 और 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक डीआर आर्य ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।