स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही ओपन राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता ऊधमसिंह नगर की टीम ने जीत ली है। मेजबान टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए हल्द्वानी को हराकर ट्राफी पर कब्जा किया।
शुक्रवार को खेल निदेशालय उत्तराखंड एवं जिला हॉकी संघ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल मैच देहरादून और ऊधमसिंह नगर के बीच खेला गया। इसमें ऊधमसिंह नगर ने देहरादून को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। दूसरा सेमीफाइनल हल्द्वानी और पिथौरागढ़ के बीच खेला गया। इसमें हल्द्वानी ने 2-1 से जीत दर्ज की। फाइनल में हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर की भिड़ंत हुई। रोचक मुकाबले में ऊधमसिंह नगर की टीम ने हल्द्वानी को 3-2 से हराकर चैंपियनशिप जीत ली।
विजेताओं को मुख्य कोषाधिकारी भूपेंद्र सिंह कांडपाल, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. डीके सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी रशिका सिद्दीकी ने पुरस्कार वितरित किये। निर्णायक की भूमिका किशोर सिंह, योगेश जोशी और प्रकाश सिंह ने निभाई। वहां पर महेश्वर नेगी, मोहित सिंह, मोहित रावत, रघुवीर सिंह, सुधा जोशी, गोविंद परिहार, धीरज जोशी, महेंद्र कुमार आदि थे।