पुलिस ने संदिग्ध हालात में होटल में ठहरे दो युवक और तीन युवतियों को पकड़ा है। दो युवतियां दार्जिलिंग और एक कोलकाता की रहने वाली है। अंदेशा जताया जा रहा है कि उनके तार किसी रैकेट से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
शनिवार की शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंडी क्षेत्र में स्थित एक होटल में छापा मारा। पुलिस ने दो कमरों से तीन युवतियों और दो युवकों को पकड़ा। पकड़ा गया एक युवक जसपुर और दूसरा काशीपुर क्षेत्र का रहने वाला है। पकड़ी गई दो युवतियां वर्तमान में लाजपत नगर दिल्ली की रहने वाली हैं और मूलरुप से सिलीगुड़ी दार्जिलिंग की निवासी हैं। एक युवती थाना खरदा कोलकाता की रहने वाली है।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे तीन दिन से होटल में ठहरी हुई हैं। कोलकाता निवासी युवती ने बताया कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उड़ीसा निवासी पति को दो साल पहले छोड़ चुकी है। दोनों बच्चे उसके पिता के पास कोलकाता रहते हैं। उसने बताया कि सात महीने से वह जसपुर निवासी युवक के साथ शादी कर रह रही है।
आरोपी युवक ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ होटल में रुका हुआ था। सीओ जीसी टम्टा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने माना कि युवतियों और युवकों के बयान संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं।
कलकत्ता टू काशीपुर वाया दिल्ली
कोलकाता निवासी युवती ने पूछताछ में जो हकीकत बताई। उसे सुनकर सीओ जीसी टम्टा भी हैरत में पड़ गए। युवती ने बताया कि तीन साल पहले उसने उड़ीसा निवासी एक युवक से प्रेम विवाह किया था। लेकिन पति प्रताड़ित करता था, जिसके बाद उसने उसे छोड़ दिया। दो बच्चों को पिता को सौंपकर एक व्यक्ति के कहने पर दिल्ली आ गई। उसे 15 हजार रुपये महीने की आया की नौकरी देने का झांसा दिया गया था। लेकिन खजूरी दिल्ली में उसे धंधा कराने वाले एक युवक को सौंप दिया गया। युवक ने उसके साथ गलत काम किया और फिर से बुकिंग पर आगरा, काशीपुर और अन्य जगहों पर भेजा जाने लगा। उसने बताया कि उसे एक महीने के दस हजार रुपये मिलते थे। मोनू अपने लोगों के साथ उसे भेजता था और उसने उसका सिम, मोबाइल भी जब्त कर रखा था। उसने बताया कि जिस युवक से उसने शादी की है, उसने उसे गलत धंधा नहीं कराने का भरोसा दिलाया था।