उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के जसपुर वितरण खंड में 47 लाख रुपये के गबन मामले में अधिशासी अभियंता शिशिर श्रीवास्तव और अकाउंटेंट अरविंद सिंह रावत को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं, एसडीओ सुनील कुमार का तबादला जसपुर से भिकियासैंण कर दिया गया है। इस मामले में शनिवार को तीन कर्मचारियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है और मुख्य आरोपी के खिलाफ जसपुर कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।
यूपीसीएल के जसपुर विद्युत वितरण खंड में बिजली के बिल की वसूली के बाद पूरी रकम बैंक में जमा नहीं कराई जाती थी। धीरे-धीरे यह रकम 47 लाख रुपये तक पहुंच गई। मामला संज्ञान में आने के बाद यूपीसीएल के एमडी बीसीके मिश्रा ने मामले की जांच काशीपुर के अधीक्षण अभियंता को सौंपी थी।
अधीक्षण अभियंता की रिपोर्ट के बाद शनिवार को गबन के मुख्य आरोपी जसपुर विद्युत वितरण खंड के टीजी-2 हुकुम सिंह, कैशियर संदीप कुमार सक्सेना और अवधेश कुमार को निलंबित कर दिया गया था।
यूपीसीएल के एमडी ने सोमवार को इस मामले में जसपुर वितरण खंड के अधिशासी अभियंता शिशिर श्रीवास्तव को निलंबित करते हुए उन्हें मुख्य अभियंता हल्द्वानी के कार्यालय से अटैच कर दिया है। इस मामले में अकाउंटेंट अरविंद सिंह रावत को भी निलंबित कर दिया गया है और एसडीओ का तबादला भिकियासैंण कर दिया गया है।
यूपीसीएल के एमडी बीसीके मिश्रा ने बताया कि अधीक्षण अभियंता की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई गई है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की नियमित जांच चल रही है। अगर अन्य कोई कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।