बृहस्पतिवार रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवा मजदूरों ने भी देर रात दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथी युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक तीनों युवक पीलीभीत रोड स्थित एक निर्माणाधीन राइस मिल में मजदूरी का काम करते थे।
बृहस्पतिवार रात नौ बजे चीनीमिल की तरफ से आ रही बाइक (यूके03ए-7225) को गौरीखेड़ा तिराहे के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में पाड़ागांव शक्तिफार्म निवासी मुन्ना ठाकुर (28) पुत्र राम विलास की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि, पचौरिया नई बस्ती चकरपुर थाना खटीमा निवासी मनोज उर्फ मनोहर (40) पुत्र श्यामू राम और रामनगरा मटिहा लालपुर थाना माधव टांडा पीलीभीत निवासी सुजीत (27) पुत्र गोलक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सीएचसी से चिकित्सकों ने उन्हें एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर शुक्रवार सुबह परिजन अस्पताल पहुंचे। एसएसआई बीएस बिष्ट ने पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। कोतवाल बीएस भाकुनी ने बताया कि हादसे में अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। बताया कि फरार वाहन की पहचान के लिए अमरिया चौराहा से चीनीमिल तक सड़क के आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
एंबुलेंस आती तो बच सकती थी जान
सितारगंज। नगर के सीएचसी में एक 108 एंबुलेंस है। जो पिछले तीन दिन से सुबह सात से शाम सात बजे तक ही सेवा दे रही है। बृहस्पतिवार रात जब गोरीखेड़ा तिराहे के पास हादसा हुआ तो सरकड़ा सिपाही प्रकाश सिंह ने 108 पर कॉल किया। एंबुलेंस के न आने पर वह घायल मजदूरों को तत्काल ही ई-रिक्शा से सीएचसी लाया। यहां से चिकित्सकों ने दोनों को एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया। सिडकुल चौकी इंचार्ज विनोद जोशी ने 108 नंबर पर कॉल किया तो एंबुलेंस खराब होना बताया गया। इस पर एक निजी एंबुलेंस से दोनों को हल्द्वानी भेजा गया। टेक्नीशियन बृजमोहन ने बताया कि एंबुलेंस खराब नहीं है। एक पायलट व एक टेक्नीशियन के अवकाश पर होने से रात को एंबुलेंस सेवा बंद है।
मृतकों के गांवों में छाया मातम
चकरपुर निवासी मनोज का परिवार अमाऊं में किराए के मकान में रहता था। तीन बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सबसे छोटा बेटा संजय कुमार पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कालेज चकरपुर में कक्षा नवीं का छात्र है। वहीं, सुजीत के एक बेटा व दो बेटियां हैं। मुन्ना की दो बेटी हैं।