पीलीभीत से तस्करी कर लाए गए दुर्लभ प्रजाति के 31 कछुओं पुलिस ने पकड़ लिए। पुलिस ने तस्कर को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत जेल भेज दिया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद कछुओं की कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है।
बुधवार सुबह गश्त के दौरान सिडकुल पुलिस को मुखबिर ने कछुओं की तस्करी होने की सूचना दी। इस पर एसएसआई अशोक कुमार के निर्देश पर सिडकुल चौकी इंचार्ज कमल सिंह कोरंगा ने मय पुलिस बल के बंदरिया चौक पर घेराबंदी की और सघन चेकिंग अभियान चलाया। यहां पुलिस टीम ने बोरे में भरे दुर्लभ प्रजाति के 31 जिंदा कछुए लेकर जा रहे उकरौली गांव के राजकुमार पुत्र निर्मल सरकार को धर दबोचा और कोतवाली ले आई।
सिडकुल चौकी इंचार्ज कोरंगा ने बताया कि पूछताछ में तस्कर ने पीलीभीत से कछुओं की तस्करी करना कबूला है। तस्कर राजकुमार यहां कछुओं को बेचने के लिए लाया था। इनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपए है। बताया कि तस्कर के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा 2/9/39 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे खटीमा कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे हल्द्वानी जेल भेज दिया गया है। टीम में शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज केजी मठपाल, कांस्टेबल जीवन जोशी व राजेंद्र प्रसाद आदि थे।