सितारगंज सीएचसी में सुपरवाइजर दिनेश शर्मा की मौत पर विलखता ममेरा भाई।
- फोटो : अमर उजाला
सड़क किनारे खड़े ट्रांसपोर्ट के सुपरवाइजर और उसके साथी को कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में सुपरवाइजर की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूटी के परखचे उड़ गए। ट्रांसपोर्ट के प्रबंधक ने घायल को सीएचसी में दाखिल कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है।
सिसौना गांव स्थित प्रकाश पार्सल सर्विस लिमिटेड में खुराणा गांव, जिला कैथल (हरियाणा) निवासी दिनेश शर्मा (22) पुत्र स्व. जगदीश शर्मा सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। मंगलवार को दिनेश अपने साथी सिसौना निवासी विजेंद्र कुमार पुत्र तेजराम के साथ सिडकुल की एक कंपनी में वाहनों की बुकिंग का ऑर्डर लेने गया था। दोपहर करीब 12 बजे वह फैक्ट्री से निकलकर सड़क किनारे अपने साथी के साथ खड़े होकर ट्रांसपोर्ट के तीसरे कर्मचारी का इंतजार कर रहा था। इसी बीच हल्द्वानी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को टक्कर मारते हुए दिनेश और विजेंद्र को चपेट ले लिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
सिसौना के व्यापानी नेता हरेंद्र सिंह और अन्य लोगों ने टैंपो से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टर ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि विजेंद्र को गंभीर हालत में रेफर कर दिया।
हादसे के बाद सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने दिनेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा। सिडकुल चौकी पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त स्कूटी कब्जे में ले ली। इस बीच मृतक का रुद्रपुर निवासी ममेरा भाई रमेश और परिवार के अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी। बताया जा रहा है कि मृतक की मां मूर्ति देवी का दस साल पहले और पिता जगदीश शर्मा का करीब छह साल पहले देहांत हो चुका है। उसका छोटा भाई ब्रहृम दत्त हरियाणा के ही एक कालेज से आईटीआई कर रहा है।
- फोटो फाइल-17एसटीजी01,02पी
- फोटो लाइन-सितारगंज सिडकुल में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो लाइन-सितारगंज सीएचसी में सुपरवाइजर दिनेश शर्मा की मौत पर बिलखता ममेरा भाई रामेश।
-यासीन अंसारी-