जिले में क्राइम कंट्रोल के लिए एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले सख्ती के मूड में आ गए है। पुलिस कर्मियों की सतर्कता को परखने के लिए शनिवार को एसएसपी ने गोपनीय अभियान शुरू किया। उन्होंने आधी रात के बाद कई थाने और चौकियों का औचक निरीक्षण कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कई पुलिस कर्मी नदारद मिले। सूत्र बताते हैं कि एसएसपी की गोपनीय जांच की गाज शीघ्र ही दर्जन भर से अधिक पुलिस कर्मियों पर गिर सकती है।
जिले में अपराधों का ग्राफ बढ़ने को लेकर एसएसपी ताकवाले खासे चिंतित हैं। हत्या, लूट और चोरी की बढ़ रही वारदातों की वजह जानने के लिए एसएसपी ने दिन ही नहीं बल्कि रात को भी पुलिस कर्मियों पर नजर रखनी शुरू कर दी है। पुलिस कर्मियों की सतर्कता को परखने के लिए एसएसपी ने शनिवार आधी रात के बाद काशीपुर मार्ग पर दोराहे तक थाने चौकियों का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी वैसे तो शनिवार को काशीपुर जसपुर क्षेत्र में हुई दो हत्याओं के सिलसिले में दिनभर काशीपुर में ही थे।
देर शाम वह काशीपुर से लौटे और फिर उन्होंने चेकिंग के लिए काशीपुर की ओर ही रुख कर लिया। शनिवार को दिनभर कप्तान के काशीपुर होने से रात को पुलिसकर्मियों को दूर दूर तक यह आभास नहीं था कि पुन: कप्तान इस ओर रुख कर सकते हैं। पुलिस कर्मियों की इसी सतर्कता को भांपने के लिए एसएसपी ताकवाले रात्रि करीब डेढ़ बजे सादे कपड़ों में रुद्रपुर से चेकिंग के लिए काशीपुर की ओर निकले।
उन्होंने रास्ते में पड़ने वाली कई चौकियों, चेक पोस्टों के साथ-साथ गदरपुर थाना, केलाखेड़ा थाना और दोराहा चौकी का बारीकी से निरीक्षण किया। बताया जाता है कि कप्तान ने थाने चौकियों में निरीक्षण के दौरान अपने सरकारी वाहन को दूर ही खड़ा किया और चुपचाप पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। कप्तान को देर रात्रि थाने चौकी में देखकर पुलिस कर्मी भी हैरान रहे।
हालांकि एसएसपी ने रात को न तो कोई कार्रवाई की और न ही कोई कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने गोपनीय ढंग से जांच की और उन पुलिस कर्मियों को चिन्हित किया जो ड्यूटी में लापरवाह दिखे। बताया जाता है कि कप्तान ने अपने चेकिंग अभियान की एक गोपनीय रिपोर्ट तैयार की है। इसमें एक दर्जन से अधिक लापरवाह पुलिस कर्मियों को चिन्हित किया गया है जिन पर शीघ्र ही कप्तान की गाज गिर सकती है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनंत शंकर ताकवाले ने कहा कि पुलिस टीम की बराबर मानीटरिंग जरूरी हो गयी है, खास तौर से रात्रि गश्त में जिन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है उनकी टोह लेना जरूरी है। आये दिन हो रही छोटी मोटी घटनाओं के चलते पुलिस की छवि खराब हो रही है, जिसे बेहतर पुलिसिंग के जरिये जल्द ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूं तो पूरी टीम मुस्तैदी से काम कर रही है, फिर भी कई बार कुछ लोगों से चूक हो जाती है, कोशिश रहेगी कि पुलिसिंग की एक्टिविटी चुस्त दुरुस्त रहे।