युवती का जलता हुआ वीडियो वायरल होने के मामले में नया खुलासा हुआ है। प्रेमी से फोन पर बात करने से भड़के भाई ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसने डीजल डालकर शव को जलाने का प्रयास किया। परिजनों ने गुपचुप तरीके से मृतका की अंत्येष्टि कर दी थी। राष्ट्रीय महिला हेल्पलाइन के निर्देश पर कुंडा पुलिस की ओर से की गई जांच में युवती की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मृतका के बड़े भाई की तहरीर पर आरोपी छोटे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुंडा थाने के ग्राम नवलपुर निवासी एक व्यक्ति ने 19 जून को हेल्पलाइन नंबर 181 डायल कर राष्ट्रीय महिला आयोग के देहरादून कार्यालय को सूचना दी कि प्रेम संबंधों के चलते एक युवती ऑनर कीलिंग की शिकार हुई है। मामले में पुलिस ने जांच की तो नवलपुर निवासी शीतल (19) पुत्री जीराज की हत्या किए जाने की बात सामने आई। जांच में पता चला कि शीतल गांव के ही एक युवक से प्यार करती थी। वह जसपुर महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध उजागर होने पर 18 जून की दोपहर को उसके भाई राजवीर ने गला घोंटकर शीतल की हत्या कर दी। उसके बाद उसने शव बाथरूम में रखकर डीजल डालकर आग लगा दी।
घटना को अंजाम देने के बाद राजवीर बाइक लेकर घर से चला गया। घटना के एक घंटे बाद ही परिजनों ने मृतका के शव की अंत्येष्टि कर दी थी। घटना के तीन दिन बाद मृतका के बड़े भाई कुलदीप ने अपने भाई के खिलाफ कुंडा थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना पर पहुंचे एसएसपी बरिंदरजीत सिंह और एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतका की दादी चमेली देवी से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी ने बताया कि कुंडा थाना पुलिस ने शनिवार सुबह नामजद आरोपी राजवीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल और बोतल में रखा करीब सवा लीटर डीजल बरामद किया है। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र के अलावा कुंडा थानाध्यक्ष मोहन पांडे, एसआई विजेंद्र कुमार, मनोज कुमार, सीमा कोहली, कांस्टेबल अवधेश कुमार, जमशेद अली, हिमांशु मठपाल, मनमोहन सिंह, कैलाश तोमक्याल, गिरीश कांडपाल, धना देवी आदि शामिल हैं।
झूठी शान के लिए बहन का हत्यारा बना राजवीर
प्रेम संबंधों को लेकर शीतल की स्वीकारोक्ति बनी वारदात की वजह
अमर उजाला ब्यूरो
काशीपुर। समाज में झूठी शान के लिए भाई ने अपनी सगी बहन की जान ले ली। प्रेमी से मोबाइल पर बतियाते पकड़े जाने पर 18 जून की सुबह करीब 5:30 बजे राजवीर ने शीतल की की पिटाई की और उससे मोबाइल छीनकर चला गया। दोपहर बाद घर लौटा तो बहन ने उससे अपना मोबाइल छीन लिया। इस पर आपा खोए राजवीर ने चुन्नी से बहन का गला घोंट दिया। आरोपी ने हत्या के साक्ष्य मिटाने के भी प्रयास किए। मामला पकड़ में आने पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया।
ग्राम नवलपुर निवासी जीराज सिंह की पुत्री शीतल (19) जसपुर के महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह चार भाइयों की इकलौती बहन थी। परिवार में चाचा और ताऊ का परिवार भी है। शीतल गरीब परिवार से है। परिवार के लोगों ने उसे मोबाइल नहीं दिलाया था लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसके पास मोबाइल था। शीतल के इसी गांव में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। इस बात की भनक लगने पर परिवार के लोग उस पर नजर रखने लगे थे। भाई राजवीर उसे कॉलेज छोड़ने जाता था। 18 जून की देर रात करीब एक बजे शीतल के मोबाइल की रिंग बजी। आवाज सुनकर उसका भाई जाग गया, इस पर शीतल ने फोन काट दिया। सुबह करीब 5:30 बजे शीतल मोबाइल पर प्रेमी से बात कर रही थी। इस पर राजवीर ने उसकी पिटाई कर दी। गुस्से में छात्रा ने हर हाल में अपने प्रेमी से शादी करने की बात कह दी। उसने यह भी बताया कि मोबाइल भी उसे प्रेमी ने ही गिफ्ट किया है। प्यार को लेकर बहन की स्वीकारोक्ति से राजवीर बौखला गया। परिजनों ने बीच बचाव कराया। इसके बाद वह उसका फोन छीनकर काम पर चला गया। राजवीर ग्राम प्रधानपति का ट्रैक्टर चलाता है। दोपहर को राजवीर बाइक से घर पहुंचा तो बहन ने उसके हाथ से अपना मोबाइल छीन लिया और बाथरूम में घुस गई। इससे बौखलाए राजवीर ने बाथरूम में ही चुन्नी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
ऑनर कीलिंग है या हत्या, स्थिति स्पष्ट नहीं
48 घंटे बाद तक परिजनों की चुप्पी से उठे सवाल, पुलिस जांच से हुआ खुलासा
काशीपुर। प्रेम संबंधों की बलि चढ़ी शीतल की मौत ऑनर कीलिंग है या हत्या। इस मामले को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जहां इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला मान रही है। वहीं कानून के जानकारों का कहना है कि इस मामले में 48 घंटे बाद तक भी परिवार के लोग चुप्पी साधे रहे। महिला हेल्पलाइन के हस्तक्षेप के बाद तहरीर प्राप्त हुई है। ऐसे में यह मामला ऑनर कीलिंग का प्रतीत होता है।
पुलिस को दी तहरीर में मृतका के बड़े भाई कुलदीप ने कहा है कि वह पत्नी और पिता के साथ पूजा के लिए 18 जून की सुबह गढ़मुक्तेश्वर गए थे। दोपहर बाद उन्हें सूचना मिली कि करंट लगने से शीतल की मौत हो गई है। शाम को वे घर लौटे तो दादी चमेली देवी ने बताया कि शीतल बुरी तरह झुलस गई थी। उसके शव को देखकर बच्चे डर रहे थे, इसलिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। तहरीर में कहा गया कि 19 जून को वह मृतका की अस्थियां विसर्जन करने हरिद्वार गए तो वहां राजवीर ने बहन की हत्या किए जाने की बात स्वीकार की।
शीतल की मौत के बाद आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर तभी से चर्चाएं चल रही थी लेकिन किसी ने भी मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी। ग्राम प्रहरी रहे सोरन सिंह ने बताया कि उसने पिछले तीन महीनों से चौकीदारी छोड़ दी है। इस नाते पुलिस को जानकारी नहीं दी लेकिन किसी ने हेल्प लाइन में शिकायत कर दी। इस घटना का वीडियो भी महिला हेल्पलाइन को भेजे जाने की बात कही जा रही है। इधर, एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने इससे अनभिज्ञता जताई है। एसएसपी का कहना है कि मामले में परिवार के ही एक सदस्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। अत: यह मामला ऑनर कीलिंग का नहीं है, जबकि अधिवक्ताओं का कहना है कि घटना के बाद 48 घंटों तक परिवार के लोग इस घटना पर पर्दा डाले रहे। पुलिस की जांच के बाद छात्रा की हत्या का मामला उजागर हुआ। इसके बाद ही रिपोर्ट दर्ज कराई गई, ऐसे में इसे ऑनर कीलिंग ही माना जाना चाहिए।
पुलिसिया कार्रवाई के डर से ग्रामीण दहशत में
काशीपुर। भाई द्वारा छात्रा की हत्या के बाद से ग्राम नवलपुर में सन्नाटा पसरा हुआ है। कोई भी इस वारदात के संबंध में बात करने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि इस वारदात के बाद से पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। आरोप है कि पुलिस अंत्येष्टि में शामिल होने वाले व्यक्तियों पर कार्रवाई करने का डर दिखाकर उन पर गवाही के लिए दबाव बना रही है। इससे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। अंत्येष्टि में शामिल ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि ग्रामीणों को छात्रा की हत्या की जानकारी नहीं थी लेकिन उन्हें पुलिस की जांच में सहयोग करना चाहिए।