ऊर्जा निगम के कर्मचारियों की लापरवाही फिर उजागर हुई है। तीन साल पहले रसीद देने के बाद भी महिला के घर में बिजली का मीटर नहीं लगाया गया।
मदर कॉलोनी महेशपुरा निवासी वाजिद हुसैन की पत्नी हसीना बेगम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र के अनुसार तीन साल पूर्व एक कर्मचारी से उसने बिजली मीटर लगाने की बात कही थी।
इस पर आरोपी बिजली कर्मी ने रुपये लेकर बिजली मीटर की रसीद थमा दी थी। साथ ही खंभे से घर का तार जोड़ दिया था। उसने बताया कि रसीद के अनुसार उसका बिजली कनेक्शन 37 एएमएस 2109116 है।
आरोप है कि वह तीन वर्ष से बिजली कर्मी से मीटर लगाने की गुहार लगा रही हैं, लेकिन कर्मचारी महिला को टरकाता आ रहा है। मीटर न लगने से बिजली का बिल भी नहीं आ रहा है।
बाद में अधिक बिल न आ जाए, इससे महिला परेशानी का सामना कर रही है। वहीं ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता विवेक कांडपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला को जल्द ही मीटर उपलब्ध करा दिया जाएगा।