फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अदालत परिसर में किया दो आरोपियों पर हमला

Thu, 30 Jul 2015 01:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। हत्या की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार दो सगे भाइयों पर बुधवार दोपहर जिला अदालत परिसर में कुछ लोगों ने हमला कर दिया। जिला अदालत की चौथे तल पर हुए हमले में एक आरोपी कपिल (22) गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण बेसुध हो गया। पुलिसवालों ने किसी तरह दोनों भाइयों को बचाकर बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। आरोप है कि गांव के झगड़े में एक वकील और उसके भाई ने कई अन्य वकीलों के साथ मिलकर घातक हमला किया था। घायल युवक की तहरीर कर्नलगंज थाने में तीन नामजद और कई अज्ञात वकीलों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
विज्ञापन


घटनाक्रम यूं है। 10 जुलाई को होलागढ़ के शाहपुर कल्याण उर्फ नेवादा गांव में मेड़ काटने के विवाद में रामआधार मिश्र और इंद्रनारायण दुबे के परिवार के बीच मारपीट हो गई थी। झगड़े में रामआधार के पुत्र दिनेश कुमार के सिर, हाथ-पैर पर गंभीर चोट पहुंची थी। दिनेश के भाई शैलेश की ओर से होलागढ़ थाने में इंद्रनारायण, उनके पुत्रों भाष्कर, कपिल और एक अन्य लक्ष्मी के खिलाफ केस लिखा गया था।

मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमे में हत्या की कोशिश की धारा बढ़ा दी गई। पुलिस ने एक आरोपी लक्ष्मी को पकड़ा लेकिन हल्की धारा के कारण उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। मुकदमा लिखाने वाले शैलेश का भाई राजेश वकील है। आरोपी को हल्की धारा के कारण छोड़ने पर वकीलों ने सोरांव तहसील में दो दिन तक आंदोलन किया। बहरहाल, मंगलवार को हत्या की कोशिश के आरोपी सगे भाइयों भाष्कर और कपिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बुधवार दोपहर एसओ होलागढ़ राजकुमार शर्मा और तीन सिपाहियों के साथ आरोपी भाष्कर और कपिल को जिला अदालत की चौथी मंजिल पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की कोर्ट में पेश करने ले आए। तभी अचानक दोनों भाइयों पर काले कोट पहने लोगों ने हमला कर दिया। उन दोनों की पिटाई भी की गई।
विज्ञापन


जबरदस्त पिटाई से कपिल बेसुध होकर गिर गया। हमलावर हटे तो पुलिस ने घायल कपिल और भाष्कर को संभाला। कपिल ने तहरीर लिखी कि उन दोनों पर वकील राजेश मिश्र, उसके भाई शैलेश और महेंद्र ने 20-25 वकीलों के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया था। मजिस्ट्रेट ने कर्नलगंज पुलिस को एफआईआर लिखने का आदेश दिया। फिर पुलिस घायल कपिल और भाष्कर को एसआरएन अस्पताल ले गई। इस बीच थानेदार पर हमले की अफवाह पर एसपी क्राइम समेत शहर के तीन सीओ और आठ थानों की पुलिस फोर्स वहां पहुंच गई।

हालांकि स्थिति शांत रही इसलिए पुलिस बल को कुछ देर बाद वापस कर दिया गया। उधर, कर्नलगंज थाने में राजेश, शैलेश, महेंद्र को नामजद करते हुए 20-25 अज्ञात वकीलों के खिलाफ मारपीट, हत्या की कोशिश, धमकी की धारा में मुकदमा लिखा गया। एसओ होलागढ़ राजकुमार शर्मा ने रात में बताया कि एसआरएन अस्पताल में इलाज से हालत में सुधार होने के बाद अदालत के आदेश के तहत भाष्कर और कपिल को नैनी सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें