रोजगार की तलाश में रामपुर से रुद्रपुर पहुंचे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा बीच सड़क पर टेंपो के पलटने से हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में दो महिलाएं भी बुरी तरह घायल हो गईं।
मिलक रामपुर के दुगलपुर गांव में रहने वाला 19 वर्षीय सुनील पुत्र चंद्रपाल बृहस्पतिवार को रोजगार की तलाश में रुद्रपुर पहुंचा था। शुक्रवार सुबह वह थाना ट्रांजिट कैंप स्थित राजा कॉलोनी में रहने वाले अपने दोस्त के कमरे से निकलकर सिडकुल की ओर रवाना हुआ। जब वह टेंपो में बैठकर सिडकुल के लिए निकला तो बीच रास्ते में टेंपो पलट गया और टेंपो से छिटककर सुनील बुरी तरह घायल हो गया। टेंपो में बैठी लालकुआं निवासी मुन्नी देवी और मीना देवी भी हादसे में घायल हो गईं।
आसपास के लोगों की मदद से सुनील के साथ ही अन्य घायलों को जिला अस्पताल लाए, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद सुनील को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित करने के बाद शव को पोेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।